रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी में मैच के बाद विजेता टीम को ट्राॅफी देकर सम्मानित करते कोच हसीन उर्फ बा
अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू और रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी रेड के बीच खेले गए मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर मैच देखने को मिला। अंतिम ओवर तक चले संघर्ष में रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी रेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लू टीम को तीन विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की। मैच में मोहम्मद हुसैन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए जबकि यश बेस्ट बल्लेबाज और सैफ तुर्क को बेस्ट गेंदबाज का खिताब मिला है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी ब्लू की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पूरी टीम 34.5 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यश ने सबसे अधिक 28 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर अल्माज़ ने 20 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। रेड टीम की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मोहम्मद हुसैन ने पांच ओवर में दो मेडन रखते हुए मात्र आठ रन देकर दो विकेट झटके। कप्तान आयुष कुमार ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4.5 ओवर में छह रन देकर दो विकेट हासिल किए। मोहम्मद असद ने भी दो विकेट लेकर ब्लू टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। 120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड टीम की शुरुआत भी लड़खड़ाती रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद मोहम्मद जीशान ने 23 और सूफियान ने 22 रन बनाकर पारी को संभाला। मोहम्मद हुसैन ने 15 रन जोड़कर टीम की जीत की राह आसान की। हालांकि, ब्लू टीम के गेंदबाज सैफ तुर्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और मैच को रोमांचक बना दिया। उनके अलावा मोहम्मद उवैस और सूर्यांश सिंह ने भी एक-एक विकेट लिया। आखिरकार रेड टीम ने 19.4 ओवर में सात विकेट खोकर 120 रन बना लिए। कप्तान आयुष कुमार और रुद्र चौधरी नाबाद लौटे तथा टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया। इस दौरान एकेडमी के कोच हसीन उर्फ बादशाह ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।