अमरोहा। धनोरा में रोहित हत्याकांड में बुधवार को नया मोड़ आ गया है। ग्रामीणों के साथ पहुंचे मृतक के परिजनों ने एसपी को शपथ पत्र सौंपा है। उन्होंने स्प्ष्ट कहा कि रोहित की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस पहले से ही घटना को आत्महत्या मान रही थी। जबकि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। अब पुलिस की विवेचना पूरी तरह बदल गई है।
पांच मार्च को मंडी धनौरा थानाक्षेत्र के गांव रसूलपुर माफी में रोहित पुत्र लोकेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस दौरान लोकेश कुमार ने पड़ोसी जगदीश कु्मार और उसके बेटे प्रदीप के खिलाफ घर में घुसकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी सुनीति और एएसपी अजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया था। घटनास्थल को देखकर पुलिस पहले ही आत्महत्या मान रही थी। नामजद पिता पुत्र घर छोड़ कर फरार हो गए थे। बुधवार को मामले में नया मोड़ आ गया था। एसपी सुनीति ने बताया कि मृतक रोहित के पिता लोकेश कुमार ग्रामीणों के साथ दफ्तर आए थे। उन्होंने शपथपत्र दिया है कि उनके बेटे की हत्या नहीं हुई थी बल्कि उसने खुद आत्महत्या की थी। अब मामले की जांच दूसरे एंगल पर की जा रही है।