अमरोहा। हाईवे पर रोडवेज बस टैंकर में जा घुसी। जिसमें 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें बस चालक समेत चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। वहीं इसी दौरान बस के पीछे चल रही कार भी बस से टकरा गई।
बुधवार की अपरान्ह साढ़े तीन बजे यह हादसा हाईवे पर गांव मोहम्मदाबाद के पास जीरो बंधे के निकट हुआ। यहां एक टैंकर दिल्ली की दिशा में जा रहा था। अचानक ही एक बकरा सड़क पर आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से मुरादाबाद से मेरठ जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस टैंकर में जा घुसी। वहीं बस के पीछे चल रही लग्जरी कार भी बस से टकरा गई। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर थाना क्षेत्र की ब्रजघाट चौकी इंचार्ज एसआई संदीप कुमार भी मौके पर आ पहुंचे। आनन-फानन में बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इनमें चालक नरेश कुमार निवासी सरधना मेरठ की हालत गंभीर थी। इसके अलावा सुरेश देवी मोहल्ला गंगानगर, मिथलेश निवासी स्टेशन रोड तथा जयप्रकाश निवासी मोहल्ला होलीवाला हसनपुर को पास ही स्थित एक नर्सिंग होम में ले जाया गया। यहां फर्स्टएड के बाद सभी को मेरठ रेफर कर दिया गया। इसके अलावा बस में सवार राजबाला निवासी डिडौली, प्रियंका निवासी कांशीराम कालोनी मुरादाबाद, सरोज निवासी बैंक कालोनी मुरादाबाद, आरती निवासी जोया, राजवीर निवासी खतौली मुजफ्फरनगर के अलावा 20 यात्रियों ने सीएचसी एवं आसपास के निजी क्लीनिकों में अपना उपचार कराया। चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि कार में सवार लोग फूलबाग ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) से दिल्ली जा रहा था। गनीमत रही कार में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।