अमरोहा। राशन कार्डधारकों को गेहूं और चावल का मुफ्त वितरण 20 जून से शुरू हो रहा है। यह जून में दूसरे चक्र का राशन वितरण है, जिसमें कुल 13,06,054 सदस्य को मुफ्त वितरण किया जाएगा। राशन विक्रेता रोजाना सुबह छह से रात नौ बजे तक राशन का वितरण करेंगे। यह वितरण का सिलसिला 30 जून तक चलेगा।
जिले में कुल 3,31,182 राशन कार्डधारकों में 13,06,054 सदस्य हैं। इसके साथ ही आठ नगरीय निकायों में कुल 68,524 कार्डधारक हैं, जिनकी कुल 2,89,831 यूनिट है। डीएसओ पूरन सिंह चौहान ने बताया कि जून में अनाज वितरण के दूसरे चक्र की तैयारी पूरी कर ली गई है। राशन कार्ड के प्रत्येक सदस्य के लिए तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल मुफ्त मिलेगा।
नोडल अधिकारी राशन वितरण की निगरानी करेंगे। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न न प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को 30 जून को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम को वितरण होगा।