अमरोहा। देहात क्षेत्र के अतरासी मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल रिटायर्ड बैंक प्रबंधक गंगासरन की दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर के आवास विकास प्रथम निवासी संतोष ने बताया कि वह अपने पति गंगासरन के साथ बीती बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे अतरासी मार्ग पर स्थित बैंक्वेट हॉल में विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। उन्होंने अपनी गाड़ी बैंक्वेट हॉल के सामने स्थित एफपीओ ऑफिस के पास खड़ी की थी। जैसे ही गंगासरन सड़क पार करने लगे, तभी अमरोहा की दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से अतरासी की तरफ भाग गया। परिजनों ने घायल गंगासरन को गंभीर अवस्था में मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
सीओ अवधभान भदोरिया ने घायल गंगासरन की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चालक को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।