नौगांवा सादात। अवैध खनन की सूचना पर छापा मारने पहुंचीं एसडीएम नौगांवा सादात की कार गड्ढे में तिरछी हो गई थी। इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर खेत स्वामी और अवैध खनन कराने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला थाना क्षेत्र के गांव पीलाकुंड-मखदूमपुर के जंगल का है। एक जनवरी को अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम अपने साथ सीओ अवधभान भदौरिया व पुलिस बल को लेकर छापा मारने पहुंच गईं। टीम को देख कर खनन करने वाले लोग वाहन लेकर भाग निकले। इसी दौरान एसडीएम की कार एक डंपर का पीछा कर रही थीं। तभी खनन वाले वाहन ने उनकी कार को कट मार दिया। इससे एसडीएम की कार गड्ढे में तिरछा हो फंस गई।
घटना के बाद एसडीएम ने अवैध खनन की जांच कराई कराई तो सामने आया कि गाटा संख्या 244 के रकबा 0.777 से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। यह रकबा राजस्व रिकार्ड में सोनिका के नाम दर्ज है। जबकि खनन कराने वाले लोग लोकेश यादव निवासी गांव नसीर नगला तथा नरेश कुमार निवासी गांव पीलाकुंड हैं। यह मिट्टी नरेश कुमार के प्लाॅट में डाली जा रही थी।
एसडीएम के आदेश पर शनिवार शाम लेखपाल अरुण कुमार ने तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद