नौगांवा सादात। जिले में आचार संहिता के उल्लंघन का पहला मामला दर्ज किया गया है। शरारती लोगों ने नौगांवा सादात नगर पंचायत क्षेत्र स्थित यात्री शेड पर सांसद व सपा कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी दानिश अली के पोस्टर लगा दिए। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के होश उड़ गए। शिकायत के बाद मामले में अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपियों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
अमरोहा लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है। प्रशासन स्तर पर गठित टीम में राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर व पोस्टर हटा दिए गए हैं। बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो चार अप्रैल तक चलेगी। लेकिन इसी बीच कुछ शरारती लोगों ने नौगांवा सादात क्षेत्र में खेड़ी के मोड़ पर बने यात्री शेड में सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी एवं सांसद दानिश अली के पोस्टर लगा दिए। इसकी जानकारी आला अधिकारियों के निर्देश पर नगर पंचायत ईओ सलिल भारद्वाज नेट तुरंत पोस्ट को पुतवा दिया।
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में ईओ की तैयारी पर अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।