अमरोहा। गलत बिल निकालने और लोगों का आर्थिक शोषण करने के मामले में अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने चार मीटर रीडरों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। चारों मीटर रीडर जांच में दोषी पाए गए थे। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि लगातार उपभोक्ताओं से शिकायत मिल रही थी कि कुछ मीटर रीडर उनसे कम रीडिंग दिखाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। इसकी जांच उपखंड अधिकारियों द्वारा कराई गयी। जिसमें चार मीटर रीडर गलत बिल निकालने के लिये दोषी पाए गये हैं। इनको तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इनमें मुख्य रूप से तय्यब विद्युत वितरण उपखंड तृतीय, सुनील, अनुकूल विद्युत वितरण उपखंड चतुर्थ, त्रिवेन्द्र, विवेक तोमर विद्युत वितरण उपखंड-षष्टम है। उन्हाेंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को उचित रीडिंग का बिल देना विद्युत विभाग की प्राथमिकता है। गुणवत्ता पूर्ण बिलिंग कराना एजेंसी का दायित्व है। इस कार्य में लापरवाही अक्षम्य है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।