रहरा थाना क्षेत्र के गांव चंदनपुर में त्रिवेणी शुगर मिल के पास गन्ने के खेत में गोवंशी पशुओं के अवशेष मिलने से लोगों में रोष फैल गया। माना जा रहा है कि करीब 6 से 7 पशुओं के अवशेष हैं। नाराज ग्रामीणों ने गोकशी की घटना होने पर हंगामा कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने मौके पर पहुंच लोगों को समझा कर शांत किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रहरा हसनपुर मार्ग पर स्थित त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर के पास गांव निवासी योगेश कुमार का गन्ने का खेत है। बुधवार सुबह को रास्ते से गुजरने के दौरान गन्ने के खेत में कुछ कुत्ते पशुओं के अवशेष बाहर लाते ग्रामीणों को दिखाई दिए। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में अंदर घुस कर देखा तो वहां करीब 6 से 7 गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े हुए थे। बड़े पैमाने पर गोकशी होने की जानकारी पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कार्रवाई की मांग करते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने लोगों को शांत कराया। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में जेसीबी बुलाकर अवशेषों को दबाने का प्रयास किया तो भीड़ उग्र हो गई और उन्होंने जेसीबी को रुकवा दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि पुलिस अधीक्षक और जिला अधिकारी की उपस्थिति में ही अवशेषों को दबाया जाए। हालांकि बाद में ग्रामीणों को शांत करा दिया गया। क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए कहा।
गोकशी की घटना अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई है। त्रिवेणी मिल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।-राजीव कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा।
गांव चंदनपुर में गोवंश पशुओं के अवशेष मिलने की सूचना पर भारतीय किसान संघ और विश्वहिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गोकशी हो रही है। इसे सहन नहीं किया जाएगा । जल्द ही घटना का खुलासा किया जाए।इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष सोमनाथ जी, जिला संयोजक वीरेंद्र शर्मा, जिला मंत्री कुशलपाल सिंह, विभाग संयोजक हेमंत सारस्वत, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष मोनू गुप्ता मौजूद रहे।
क्षेत्र में काफी समय से गो तस्कर सक्रिय है। आदि दिन तस्कर रात के अंधेरे में गोवंशीय पशुओं को ट्रक व डीसीएम में भरकर ले जाते देखे जाते रहते हैं। करीब छह माह पूर्व दो वाहनों से पुलिस ने गोवंशीय पशुओं को बरामद भी किया था। कुछ दिन पूर्व क्षेत्र के जेवडा में गन्ने के खेत में 5 से अधिक गोवंश पशु बंधे हुए मिले थे। लोगों का कहना है कि तस्करों का गिरोह सक्रिय है। वाहनों में भरकर छुट्टा पशुओं की तस्करी की जा रही है लेकिन पुलिस का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।