अमरोहा। जिले में झोलाछाप इलाज करने के अलावा अल्ट्रासाउंड भी कर रहे हैं। ऐसे ही आठ अल्ट्रासाउंड सेंटरों के पंजीकरण निरस्त किए गए हैं। इनमें वह अल्ट्रासाउंड सेंटर भी शामिल है, जिसके सील करने पर भाजपा नेता ने सीएमओ से अभद्रता की थी। इस मामले में भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
जिले में झोलाछापों ने दूसरे चिकित्सकों की डिग्री किराये पर लेकर सीएमओ कार्यालय में अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने के लिए पंजीकरण करा रखा है। सेंटरों पर टेक्नीशियन रखकर मरीजों के उल्टे-सीधे अल्ट्रासाउंड कर उनकी जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जुलाई में हसनपुर में रहरा बस स्टैंड के पास गंगा डायग्नोस्टिक सेंटर, कैलसा रोड स्थित शारदा हाॅस्पिटल में अल्ट्रासाउंड सेंटर, हसनपुर तहसील के गांव ढबारसी में बालाजी अल्ट्रासाउंड सेंटर, गजरौला के मोहल्ला बैंक काॅलोनी स्थित चौधरी अल्ट्रासाउंड सेंटर, हसनपुर में सुखदेवी इंटर काॅलेज रोड स्थित ग्रीन सिटी में सुपर डायग्नोस्टिक सेंटर, धनौरा में मोहल्ला महादेव में सिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर, आरजे अल्ट्रासाउंड सेंटर नौगांवा सादात पर छापा मारा था। इन अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर अधिकृत चिकित्सक नहीं मिला था। सीएमओ डॉक्टर एसपी सिंह ने रिपोर्ट बनाकर डीएम निधि गुप्ता वत्स को भेजी थी।