डिडौली। रिश्ता तय होने के बाद लड़के पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी करने से इन्कार कर दिया। दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई लेकिन लड़के वाले दहेज की मांग पर अड़े रहे। मामले में डिडौली पुलिस ने मंगेतर समेत मुरादाबाद-रामपुर के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव में किसान का परिवार रहता है। उन्होंने अपनी बेटी की शादी मुरादाबाद जनपद के मझौला थानाक्षेत्र के खुशहालपुर में रहने वाले रविंद्र के साथ तय की थी। किसान ने रिश्ते में सोने चांदी के आभूषण समेत पांच लाख रुपये खर्च किए थे। शादी तय होने के समय पर लड़के पक्ष ने कोई भी मांग नहीं की थी। आरोप है कि अब दहेज में कार और दस लख रुपये की मांग कर रहे हैं। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर शादी करने से इन्कार कर दिया, जो सामान रिश्ते में दिया गया था उसे भी लौटने से मना कर दिया है। लड़के पक्ष ने शादी करने के लिए दबाव बनाने पर सब को जान से मारने की धमकी दी है। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में लड़की के पिता की शिकायत पर मंगेतर रविंद्र, उसके भाई अर्जुन, पिता रमेश, माता सुरेश, और पिंकी व गुड्डू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।