सुल्तान नगर में नकली रसगुल्ले फेंकते एसडीएम के अर्दली और होमगार्ड।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। होली के पर्व पर बिक्री के लिए तैयार लगभग पांच क्विंटल अपमिश्रित सफेद रसगुल्ले एसडीएम ने नष्ट करा दिए। इस दौरान कारोबारी मकान छोड़कर भाग निकले। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रसगुल्लों के साथ ही एक डेयरी पर छापा मारकर वहां से पनीर का भी नमूना लिया है। टीम की इस कार्रवाई से संबंधितों में खलबली रही।
शुक्रवार की शाम एसडीएम शशांक चौधरी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार को साथ लेकर नगर के मोहल्ला सुल्लाननगर में गैस एजेंसी के गोदाम वाली गली में छापे मारे। उन्होंने यहां टीटू एवं ब्रह्मानंद के घरों में जाकर देखा तो वहां टब और अन्य बर्तनों में लगभग पांच क्विंटल तैयार अपमिश्रित सफेद रसगुल्ले रखे हुए थे। टीम के आने की भनक लगते ही कारोबारी और उनके कारीगर घर छोड़कर भाग निकले। वहीं मौके पर मोहल्ले वालों की भीड़ लग गई। दोनों की स्थानों पर भीषण दुर्गंध भी आ रही थी। एसडीएम के निर्देश पर दोनों ही स्थानों पर मिले रसगुल्लों को नाली में फिंकवा दिया गया। इससे पूर्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार ने अपने सहयोगी याकूब के संग उनके नमूने ले लिए। एसडीएम ने बताया कि सुल्तान नगर में ही दो अन्य स्थानों पर भी दबिश दी गई थी लेकिन वहां ताले लगे मिले। उन्होंने बताया कि गजरौला में अपमिश्रित रसगुल्ले, दूध और पनीर बनने की शिकायत के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। उधर, इससे पूर्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्टेशन रोड बुध बाजार स्थित गढ़वाल डेयरी पर छापा मारकर वहां से पनीर का नमूना भी लिया।
शटर गिराकर भाग निकले दुकानदार
गजरौला। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) की टीम की नगर में मौजूदगी की भनक लगते ही गली-मोहल्लों में मिठाई आदि की छोटी दुकानें चलाने वाले दुकानदार शटर गिराकर भाग निकले। शुक्रवार को अपराह्न के समय बस्ती के साथ ही चौपला क्षेत्र में भी मिठाई की कई दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। जानकारी करने पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज गुप्ता ने खुद को टीम के साथ हसनपुर में होने की बात कही। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि उन्होंने गजरौला में कई स्थानों पर चेकिंग की थी।