ढबारसी(अमरोहा)। महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया तो युवक ने उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पुलिस ने आरोपी को दुष्कर्म के मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। आरोपी ने पुलिस को महिला के साथ के वीडियो और फोटो दिखाए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर चालान कर दिया। अब पीड़िता ने सीओ को पत्र देकर पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
बीते मंगलवार को आदमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला खेत पर चारा लेने के लिए गई थी। तभी गांव का युवक उसे गन्ने के खेत में खींच कर ले गया और दुष्कर्म किया। पीड़िता के शोर मचाने पर खेतों पर काम कर रहे लोग मौके पर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुुआ फरार हो गया था। पीड़िता ने आदमपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। आरोपी ने महिला से साथ अपनी वीडियो और फोटो दिखाए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। शुक्रवार को पीड़िता महिला परिजनों के साथ सीओ ऑफिस हसनपुर पहुंची। यहां आदमपुर पुलिस पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज न करने और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।