मंडी धनौरा (अमरोहा)। रावण व कुंभकरण आदि का पुतला बनाने के लिए राष्ट्रीय इंटर काॅलेज के बराबर में लगाए गए टेंट के मुद्दे पर रामलीला प्रबंध समिति व राष्ट्रीय इंटर काॅलेज का प्रबंधन आमने सामने आ गया। एडीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने दोनों पक्षों के समझौता करा दिया।
रामलीला प्रबंध समिति की ओर से राष्ट्रीय इंटर काॅलेज के बराबर में रावण आदि के पुतले बनाने के लिए टेंट लगाया गया था। कमेटी के पदाधिकारियों का आरोप है कि काॅलेज के स्टाफ ने उनका टेंट उखाड़ दिया। समिति के कई सदस्य मौके पर पहुंच गए। वहां उनका काॅलेज स्टाफ से विवाद होने लगा। मौके पर बने शौचालय को रामलीला प्रबंध समिति द्वारा अपनी भूमि पर निर्माण होने की बात पर विवाद और गहरा गया। वहीं काॅलेज स्टाफ टेंट उखाड़ने की बात से इंकार कर रहा था।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष निशांत राठी मौके पर पहुंच गए। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने पर एडीएम ने एसडीएम व सीओ को मौके पर भेजा। अधिकारियों की मौजूदगी में काॅलेज प्रबंधन ने समिति के सदस्यों पर शौचालय की दीवार तोड़ने का आरोप लगाया। जबकि कमेटी के पदाधिकारियों का कहना था कि वर्ष 2007 में शौचालय अर्धसैनिक बलों के लिए बनाए गए थे। इसके लिए रामलीला कमेटी ने अनुमति दी थी। यह भूमि रामलीला प्रबंध समिति की है। एसडीएम राजीव राज व सीओ श्वेताभ भास्कर ने दोनों पक्षों को बिठाकर विवाद निपटा दिया। फिलहाल टेंट राष्ट्रीय इंटर काॅलेज की दीवार से हटकर बनाने पर सहमति बनी है।