अमरोहा। पिछले कई दिनों पड़ रही उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार शाम बारिश के बाद राहत मिली। शाम को अचानक मौसम ने करवट बदल ली। काले बादलों के संग तेज हवा चली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। उधर, एक घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश से कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई।
तीन दिनों से गर्मी और से लोगों को बुरा हाल है। मंगलवार को लोग तेज धूप और उमस से बेहाल रहे। लेकिन, बुधवार को सुबह के समय बादल छाए और हल्की बूंदा-बांदी हुई, लेकिन उसके बाद उमस में और इजाफा हो गया। दोपहर से शाम तक भारी उमस के बीच लोग पसीना-पसीना होते नजर आए। शाम साढ़े पांच बजे मौसम ने फिर से करवट बदल ली। देखते ही देखते तेज हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक बारिश होती रही। इससे जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर में कई जगह जलभराव हो गया। शहर में आजाद मार्ग, बेगम सराय, बेजान, लकड़ा, बिजनौर रोड, नकाशा व दानिशमंदान आदि मोहल्लों में जलभराव हो गया। लोगों को जलभराव से होकर गुजरना पड़ा। उधर, बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।