मुरादाबाद-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर पड़ने वाले गजरौला रेलवे स्टेशन और महेशरा रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार को कई स्थानों पर मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके लिए मानव रहित क्रासिंग दरियापुर व गदापुर पर फाटक बंद रहेगा। जिससे वाहनों व लोगों का आवागमन बंद रहेगा। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
मालूम रहे कि पंद्रह दिसंबर को रेलवे जीएम का मुरादाबाद दौरा है। वह गढ़मुक्तेश्वर व गजरौला स्टेशन पर विशेष रूप से निरीक्षण करेंगे और गजरौला से मुरादाबाद तक रेलवे लाइन का बारीकी के साथ मुआयना किया जाएगा। इसकी तैयारियों में विभागीय अफसर जुट गए हैं। जहां-जहां रेल पटरियों पर मरम्मत की जरूरत है। वहां कार्य शुरू कराया जा रहा है।
इसके चलते बुधवार को गजरौला से महेशरा रेलवे स्टेशन के बीच कई स्थानों पर ट्रैक पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके लिए दरियापुर और गदापुर मानव रहित रेलवे क्रासिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ऐसा होने से पूरे दिन लोगों को जाम की स्थिति से गुजना होगा। रूट डायवर्ट करने के लिए रेलवे के सीनियर सैक्शन इंजीनियर ने गजरौला पुलिस को पत्र देकर सूचित किया है कि वह मानव रहित दोनों क्रासिंग के लिए वाहनों का रूट डायवर्ट करें।