अमरोहा। तीन दिन की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विजयपाल सिंह लौट आए हैं। सोमवार से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड होंगे। शुक्रवार से अल्ट्रासाउंड बंद होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है।
जिला अस्पताल में मरीज का अल्ट्रासाउंड करने के लिए दो मशीन लगी हुई हैं। एक पुरानी बिल्डिंग में है तो दूसरी महिला विंग में। जिला अस्पताल में दो रेडियोलॉजिस्ट के पद हैं जबकि सिर्फ एक डॉक्टर ही तैनात हैं। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विजयपाल सिंह शुक्रवार को तीन दिन की ट्रेनिंग पर लखनऊ गए थे जिसके बाद से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड बंद हो गए। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल में रोजाना करीब 40 से 50 मरीज के अल्ट्रासाउंड होते हैं लेकिन डॉक्टर के लखनऊ जाने के बाद मरीज को वापस लौटना पड़ा। तीन दिन तक मरीज ने काफी परेशानी झेली। कई मरीजों ने निजी अस्पताल में भारी भरकम फीस देकर अल्ट्रासाउंड कराया लेकिन तीन दिन की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विजयपाल सिंह लौट आए हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से चरन सिंह ने बताया कि डॉ. विजयपाल सिंह वापस आ गए हैं। सोमवार की सुबह से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड हो सकेंगे।