गजरौला में सलेमपुर रोड पर श्री जाहरवीर के मंदिर के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला (अमरोहा)। नगर की सीमा पर गांव सलेमपुर रोड स्थित श्री जाहरवीर मंदिर के पुजारी की अज्ञात हत्यारों ने सिर एवं चेहरा कुचलकर नृशंस तरीके से हत्या कर दी। मांस के साथ ही उनकी दोनों आंखें और हड्डियां तक बाहर निकल आईं थीं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसपी डॉ. विपिन ताडा, सीओ मोनिका यादव के साथ ही एसओजी की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया इसे किसी जंगली जानवर का हमला मानकर चल रही पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। वहीं, लॉकडाउन के दौरान हुई इस जघन्य वारदात से पुलिस की सक्रियता की कलई भी खुल गई है।
शुक्रवार की सुबह लगभग छह बजे नगर के मोहल्ला जलाल नगर से सटे गांव सलेमपुर रोड पर स्थित श्री जाहरवीर मंदिर के सामने से गुजर रहे लोगों की नजर वहां मूर्तियों के सामने फर्श पर पड़ी तो वहां बाबा बिजेंद्र गिरि (70) का सिर एवं चेहरा कुचला हुआ शव पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। सूचना मिलने पर प्रधान पति हरिओम सिंह भी आ पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई। बाबा का शव गद्दे पर पड़ा हुआ था और सिर के पास जमीन पर काफी मात्रा में खून भी पड़ा था। इसके अलावा गद्दा और चादर आदि भी खून से सने हुए थे। सिर्फ चेहरा देख उनकी शिनाख्त कर पाना काफी मुश्किल हो रहा था। दोनों आंखें और चेहरे की हड्डियां बाहर निकल आईं थीं। ऐसा लग रहा था कि किसी ने नृशंसतापूर्वक बाबा को मौत के घाट उतारा हो। वहीं बगल में स्थित बाबा की कुटिया (रहने का स्थान) के कमरे के जीर्ण-शीर्ण दरवाजे पर लगे ताले पर ईंट के कई निशान थे। पुलिस ने दरवाजा हटाकर भीतर जाकर देखा तो वहां सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने दावा किया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बाबा पर सोते समय किसी जंगली जानवर ने हमला किया होगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि मौत के कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी।