मंडी धनौरा। सोशल मीडिया पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ अभद्र टिप्पणी व उनकी प्रतिमा को तोड़ने की धमकी देने से अनुसूचित जाति समाज के लोगों में रोष है। पुलिस ने भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अजब सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बृहस्पतिवार की शाम सोशल मीडिया पर एक युवक ने बाबा साहब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हुए उनकी प्रतिमा को तोड़ने की धमकी दी। बाबा साहब के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की जानकारी मिलने पर लोगों में रोष फैल गया। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अजब सिंह कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट का स्क्रीन शॉट लेकर इसकी शिकायत थाने में की गई। पुलिस ने अजब सिंह की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट की आईडी की जानकारी कराने पर मालूम पड़ा कि यह पोस्ट ग्राम बेरखेड़ा निवासी संदीप नामक युवक की है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद