अमरोहा। शहर की समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई। नगर पालिका परिषद पर ही नालों पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया। साथ ही शहर और जिले में दौड़ रहे अपंजीकृत ई-रिक्शाओं पर लगाम लगाकर जाम से निजात दिलाने की मांग की। जल्द की समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष खत्री मनोज टंडन के नेतृत्व में तमाम व्यापारी एकत्र होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां जन समस्याओं के संबंध में पांच सूत्रीय ज्ञापन डीएम उमेश मिश्रा को सौंपा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा नालों पर अतिक्रमण कराया जा रहा है। जिस कारण नालों की सफाई नहीं हो पाती और गंदगी सड़कों पर रहती है। शहर और जनपद की सड़कों पर हजारों संख्याओं में चल रहे अपंजीकृत ई-रिक्शा लगातार शहर की जाम की समस्या का मुख्य कारण बने हुए हैं। उनसे सरकार को राजस्व भी नहीं मिलता है। इन पर सख्त कार्रवाई की जाए। व्यापारियों के शस्त्र लाइसेंस प्रथम वरीयता से बनाए जाए। जिले के व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए मासिक बैठक बुलाई जाए। शहर की जल निकासी के लिए सरकार द्वारा काफी धनराशि आती है फिर भी समस्या बनी हुई है। इसे संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए। इस दौरान रमेश कलाल, नदीम परवेज, मोहम्मद जफर, सुमीत धवन, विनोद कुमार, राशी प्रकाश, शहजाद खां, मुजाहिद अली, समीर खां आदि मौजूद रहे।