हसनपुर (अमरोहा)। रसोई गैस के दाम बढ़ने के विरोध में आक्रोशित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर पार्क पर धरना दिया। कहा कि एक तरफ जहां किसानों का शोषण किया जा रहा है तो वहीं आम आदमी को भी नहीं छोड़ा गया। रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम आदमी की जेब पर बोझ डाला गया है। जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। बढ़े दामों को वापस लिया जाए। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन कोतवाल नीरज कुमार को सौंपा गया।
शुक्रवार शाम चार बजे सपाइयों ने आंबेडकर पार्क में धरना दिया। नगर अध्यक्ष यूसुफ कुरैशी ने कहा कि कोरोना की मार से आम आदमी अभी उबर भी नहीं पाया कि सरकार लगातार मंगाई की मार के तले दबाए जा रही है। आए दिन बिजली, पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि से लोगों को बुरा हाल है। अब रसोई गैस की कीमतों पर एक साथ 50 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। यह गलत है। जिला उपाध्यक्ष संदीप गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। जिला महासचिव आरिफ अख्तर ने कहा कि आम आदमी को पेट भरने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। यहां युवजन सभा जिलाध्यक्ष फैसल अल्वी, जाबेद जरताब, जिला सचिव शाहनवाज अंसारी, जैनुअ अबेदीन खान, आमिर मसूंरी, दिलशाद गनी सिकंदर राही, अंशु त्यागी, गपलू पहलवान, अजमान खान, रियाजुद्दीन, अकरम सैफी, मोहम्मद यासनी आदि मौजूद रहे।