पेट्रो पदार्थों की मूल्यवृद्धि के विरोध
में कांग्रेसियों का पेट्रोल पंपों पर धरना
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया ने कहा, महंगाई कम करें या गद्दी छोड़ें मोदी सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेश पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी अमरोहा द्वारा पूरे जनपद में 14 स्थानों पर समस्त ब्लॉकों एवं नगरों के पेट्रोल पंपों पर डीजल, पेट्रोल गैस की कीमतों को कम करने की मांग को लेकर एवं बढ़ी हुई महंगाई के खिलाफ मोदी सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया ने कहा कि आज देश में महंगाई ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं। मोदी सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश महंगाई की आग से जूझ रहा है। आज डीजल, पेट्रोल गैस, सरसों का तेल अन्य खाद्य पदार्थों के दामों में भारी वृद्धि हुई है। वहीं सरसों का तेल 200 रुपये, गैस सिलिंडर 900 रुपये, खाद और बिजली के दामों में भारी वृद्धि हुई है। देश के लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और मोदी सरकार जिन देशों को डीजल पेट्रोल गैस निर्यात करती है, वहां के दाम भारत से बहुत कम है। सरकार के लिए डूब मरने वाली बात है। आज देश में कोरोना महामारी का प्रकोप जारी है, जिससे भारत के जनमानस की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है। सारे उद्योग व्यापार खत्म हो चुके हैं। ऐसी दशा में मोदी सरकार को भारत के लोगों को आर्थिक राहत देनी चाहिए। बल्कि सरकार लोगों को लूटने में लगी है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि तत्काल डीजल पेट्रोल गैस सरसों के तेल बिजली के दाम कम किए जाएं। इस दौरान प्रदेश सचिव जनपद प्रभारी सचिन चौधरी, परवेज आरिफ टीटू, चौधरी शमीम अय्यूब, इमरान जावेद, ताहिर वसीम, दीपक जाटव, महबूब चौधरी, जयपाल सिंह जाटव, ख्यालीराम राणा, ओमकारा राणा, विश्वास त्यागी, अमरुद्दीन सैफी, रोविन गुर्जर, धारा गुर्जर, नकुल पंवार, अशोक वर्मा, सरदार रविन्द्रर, डॉ महेंद्र प्रताब शर्मा, राजेन्द्र त्यागी, ओमप्रकाश पंवार, यशपाल गुर्जर, सलीम खान, एडवोकेट चौधरी नरेंद्र सिंह आदि लोग मौजूद थे।