अमरोहा। रविवार को आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी के बैंक्वेट हॉल में जा रही बुग्गी बालू के अवैध खनन के आरोप में पकड़ ली। आरोप है कि टीपी नगर चौकी परिसर में खड़ी बुग्गी को क्षतिग्रस्त कर दिया और टायर पंक्चर करवा दिए। बैल भी भगा दिए। इससे आक्रोशित भाजपाइयों ने टीपी नगर चौकी पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बुग्गी में बालू की जगह बदरफुट बताते हुए विक्रेता का बिल दिखाया। इस दौरान भाजपाइयों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। गुस्साए भाजपाइयों ने खनन अधिकारी को फोन पर खरी-खोटी सुनाई। बाद में डीएम से मिलकर खनन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रविवार की सुबह खनन अधिकारी अशोक कुमार ने बिजनौर रोड स्थित किसान पेट्रोल पंप के पास एक बुग्गी पकड़ी थी। बाद में उसके टीपी नगर चौकी परिसर में खड़ा कर दिया। खनन अधिकारी का कहना है कि बुग्गी में बालू भरी थी, जिसका खनन प्रतिबंधित है। प्रकरण जानकारी में आते ही भाजपाइयों का गुस्सा भड़क गया। जिला उपाध्यक्ष शरद गर्ग के साथ तमाम भाजपाई एकत्र होकर टीपी नगर चौकी पर पहुंच गए। जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह पुंडीर आ गए। उन्होंने बताया कि बुग्गी पर खनन अधिकारी ने कार्रवाई की है। इस दौरान भाजपाइयों और चौकी इंचार्ज के बीच नोकझोंक हुई। भाजपाइयों ने बुग्गी में बजरपुट भरे होने का दावा किया और बिल दिखाया। आरोप लगाया कि इस बीच बुग्गी के टायर पंक्चर कर दिए, उसे क्षतिग्रस्त भी कर दिया।
इस बीच भाजपाइयों ने फोन कर खनन अधिकारी को खरी-खोटी सुनाई। चौकी इंचार्ज के समझाने पर भाजपाइयों के गुस्सा शांत हुआ। बाद में भाजपाई एकत्र होकर डीएम उमेश मिश्रा से मिले और खनन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपाइयों ने स्पष्ट कहा कि पंजू सराय में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है। यह अधिकारी वहां कोई कार्रवाई करने को तैयार क्यों नहीं है। अवैध खनन का अफसरों की खेल मिलीभगत से चल रहा है।