अमरोहा कलक्ट्रेट में नामांकन कराने जाते तीन से अधिक बसपाइयों को रोकती पुलिस।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। प्रत्याशी के नामांकन में पहुंचे बसपा सांसद गिरीश चंद्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शमसुद्दीन राइन को पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए बैरियर पर रोक दिया। इस बीच पुलिस उनकी बहस भी हुई। मामला गरम होने लगा। सीओ सिटी और सीओ हसनपुर मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिस क्षेत्राधिकारियों को मनाने में मशक्कत करनी पड़ी। बता दें, तीन लोगों से अधिक के नामांकन कराने जाने पर मनाही है। लेकिन, ये लोग संख्या में अधिक थे। इसलिए पुलिस ने रोका।
बुधवार को लगभग दो बजे बसपा सांसद गिरीश चंद्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शमसुद्दीन राइन पार्टी के प्रत्याशी फुरकान अहमद के साथ जोया रोड स्थित विकास भवन और दीवानी कचहरी के तिराहे पर पहुंचे। बसपा नेता वाहनों से उतर कर पैदल चलने लगे। वह मस्जिद के सामने की पटरी पर पहुंचे थे कि बैरियर पर पुलिस ने रोक लिया। बसपा प्रत्याशी फुरकान अहमद ने बताया कि सांसद और वरिष्ठ नेता हैं। ड्यूटी पर मुस्तैद दरोगा ने अंदर जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इस बीच बसपा नेताओं की पुलिस वालों से बहस होने लगी। हंगामे की सूचना मिलने के बाद सीओ सिटी विजय कुमार राणा और सीओ हसनपुर सतीश चंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने बसपा सांसद गिरीश चंद्र से नियमों का हवाला दिया। जिसके बाद वह वापस लौट गए।