गजरौला(अमरोहा)। सिक्सलेन रोड की परिधि में आ रहीं दुकानें तोड़ने पहुंचे तहसीलदार और आईआरबी के महाप्रबंधक की ग्रामीणों से तीखी नोकझोंक हो गई। दुकानदारों ने प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। मौके पर ही जान देने की धमकी दी। काफी देर तक चली बहस बाजी के बाद टीम उन्हें दो दिनों का समय देकर लौट आई।
सोमवार की शाम चार बजे तहसीलदार सदानंद सरोज, आईआरबी के महाप्रबंधक हेमंत पारिख, लेखपाल तेजपाल सिंह जेसीबी मशीन और पुलिस फोर्स लेकर हाईवे पर भानपुर रेलवे फाटक के सामने बन रहे ओवरब्रिज की साइड में स्थित नासिर अली पुत्र जमील अहमद की दुकान पर जा पहुंचे। गाटा संख्या 137 में आ रही इस दुकान को खाली करने का नोटिस पूर्व में देने की बात तहसीलदार ने कही। इस पर वहां पहले से मौजूद किसानों और नासिर के साथ उसके परिजनों-महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। कहा कि उनकी भूमि आबादी में आ रही है, लेकिन उसे कृषि भूमि बताकर सस्ते में खरीदने की साजिशें रची जा रही हैं। तहसीलदार ने उनसे भूमि के कागजात दिखाने को कहा। इस पर विवाद और बढ़ गया। दुकानदारों ने वहीं सामूहिक आत्महत्या करने की धमकी दे दी। कहा कि बुलडोजर चला तो इसी के नीचे लेट जाएंगे। महिलाएं भी आगे आ गईं। उनके तेवर देख अधिकारी सकते में आ गए। जमकर बहसबाजी हुई। बाद में टीम वहां से लौट आई। इस मौके पर चिराग चौधरी, नितिन चौधरी, सतेंद्र सिंह, नितिन, योगेंद्र सिंह, छोटी, जमील अहमद, फिरोजा, निजामुद्दीन, जमील अहमद आदि रहे। नेशनल हाईवे पर अधिकारियों की गाड़ियों, जेसीबी मशीन, एनएचएआई की पेट्रोल गाड़ी के साथ पुलिस बल को देख हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के चालक ब्रेक लगाकर गुजरे। इससे हाईवे पर जाम के हालात बने रहे।
कई बार बिगड़ने से बचे हालात
गजरौला। दुकानें तुड़वाने पहुंचे तहसीलदार के साथ जेसीबी मशीन और पुलिस बल देख ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। इनका कहना था तहसील के अधिकारी डीएम उमेश मिश्र के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। उन्होंने कुछ माह पूर्व मुआवजे की मांग को लेकर कई माह तक चले धरने का उदाहरण भी दिया। इसी को लेकर कई बार वहां हालात बिगड़ने से बचे। ग्रामीणों की अधिकारियों के साथ ही पुलिस कर्मियों से भी तीखी नोकझोंक हुई।
गाटा संख्या 17 में स्थित छोटी की दुकान के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। भूमि आधिपत्य अधिकारी को रकम जमा कराई जा चुकी है। इसके बावजूद मुआवजा नहीं लिया जा रहा है। यदि ऐसे ही चलता रहा तो फिर सिक्सलेन रोड का काम निर्धारित समय में कैसे पूरा हो सकेगा। - हेमंत पारिख, डीजीएम, आईआरबी।
हाईवे पर गजरौला में भानपुर रेलवे फाटक के सामने सिक्सलेन रोड के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। कुछ दुकानें इसकी परिधि में आ रही हैं। उन्हें ध्वस्त कराने के लिए जेसीबी मशीन और पुलिस के साथ गए थे। ग्रामीणों ने दो दिन की मोहलत मांगी है। इसी के चलते लौट आए। - सदानंद सरोज, तहसीलदार।