हसनपुर। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव भदौरा में एक के बाद एक तीन पशुओं की मौत के मामले में तहरीर के कई दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसान और पशुपालक दानवीर सिंह के छोटे भाई रणवीर सिंह की एक भैंस की 13 जून और दूसरी की 28 अगस्त को अचानक मौत हो गई। 17 अक्टूबर को दानवीर सिंह की अपनी भैंस भी मर गई। पीड़ितों ने अज्ञात लोगों पर रंजिशन जहर देकर पशुओं को मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रजीत सिंह के पोस्टमार्टम के अनुसार एक भैंस की मौत हार्ट अटैक से हुई थी।
शुक्रवार को दानवीर सिंह, जयवीर सिंह, शिवम कुमार, रणवीर सिंह, विकास चौधरी, रिंकू सिंह, नेत्रपाल सिंह और आसिफ सैफी आदि ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि जांच कराई जा रही है, उसके बाद उचित कार्रवाई होगी। संवाद