अमरोहा। नगर पालिका परिषद ने शहर की सीमा विस्तार के लिए कवायद तेज कर दी है। इसके तहत आसपास के 45 गांवों को पालिका क्षेत्र में शामिल किया जाना है। इस संदर्भ में जिलाधिकारी ने प्रमुख सचिव को संस्तुति पत्र भेजकर सिफारिश की है। उम्मीद है कि शासन से जल्द ही अनुमति प्राप्त हो जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने शहर की सीमा विस्तार के लिए वर्ष 2018 में पहल की थी। इसके तहत 21 गांवों को जोड़ा जाना था। वर्ष 2019 में अमरोहा और जोया ब्लॉक के 45 गांव को शामिल करने की बात कही गई। शहर के मुल्लाना मोहल्ले के सभासद फहीम शाहनवाज ने सीमा विस्तार के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। इसके बाद हाईकोर्ट ने सीमा विस्तार के मामले को निस्तारित करने का निर्देश दिया। नगर पालिका की ओर से शासन में पैरवी की गई। लेकिन कारगर साबित नहीं हो सकी है। इसके बाद नगर पालिका के बोर्ड की दोबारा बैठक हुई जिसमें सभासदों ने सीमा विस्तार के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया। अमर उजाला ने 19 दिसंबर 2019 और 13 जनवरी 2020 के अंक में मामले को प्रमुखता से उठाया था। जनवरी 2020 के बाद नगर पालिका इस मामले में शासन के सामने पैरवी इसलिए भी नहीं कर पाया क्योंकि जनगणना के कार्य शुरू होने के चलते जनगणना निदेशालय ने 31 मार्च 2021 तक किसी भी तरह के सीमा परिवर्तन पर रोक लगा दी थी। इसी बीच लॉकडाउन के चलते जनगणना का काम अनिश्चित काल तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसी बीच प्रदेश सरकार ने सभी निकायों से दोबारा सीमा विस्तार को लेकर रिपोर्ट मांगी जिसके बाद अमरोहा नगर पालिका की ओर से दोबारा इसकी कवायद शुरू कर दी गई। नगर पालिका ने अगस्त सितंबर में ही सीमा विस्तार के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी थी। अब नगर विकास के प्रमुख सचिव ने नगर पालिका व पंचायतों के पुनर्गठन व सीमा विस्तार के लिए संशोधित आदेश जारी किया है। इसके क्रम में डीएम ने संस्तुति पत्र प्रमुख सचिव को भेजा है।