जिले में जमीन खरीदकर मकान बनाना अब और महंगा होने वाला है। वजह, सर्किल रेट बढ़ाने का मसौदा तैयार हो चुका है। सर्किल रेट में करीब 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए प्रस्तावित दरें जारी की गईं है। 28 अगस्त तक प्रस्तावित दरों पर आपत्ति और सुझाव दर्ज किए जा सकते हैं।
स्टाम्प और कर निबंधन विभाग जमीनों की खरीद के लिए सर्किल रेट की दरों का निर्धारण करता है। जिले में पिछले साल एक अप्रैल से नई सर्किल रेट की दर जारी की गई थी। अब फिर से सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। सभी तहसीलों के रजिस्ट्रार द्वारा प्रस्तावित नई दरों की सूची जारी कर दी गई है। सूची पर 28 अगस्त तक आपत्ति व सुझाव दिए जा सकते हैं। सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प दीनानाथ वर्मा ने बताया कि 29 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद नई दरों को लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। संभावना है कि सितंबर के पहले सप्ताह में नए रेट जारी कर दिए जाएंगे।