डिडौली। गोकशी के तीन आरोपियों की पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में 77 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। इससे पहले गांव में ढोल-नगाड़े के साथ मुनादी कराई गई।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि डिडौली कोतवाली क्षेत्र के ढकिया चमन गांव के रहने वाले मोनिस उर्फ भुल्लन, इमरान उर्फ बिहारी और शौकीन गोकशी करते थे। तीनों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करने के बाद इनके खिलाफ 14 (1) की कार्रवाई की गई। डीएम राजेश कुमार त्यागी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम गांव पहुंची। सबसे पहले गांव में मुनादी कराई गई। इसके बाद तीनों आरोपियों की 77 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया गया। जिसमें आरोपी मोनिस उर्फ भुल्लन की संपत्ति 12 लाख रुपये की है। इमरान उर्फ बिहारी की संपत्ति भी 12 लाख रुपये की है। वहीं शौकीन की संपत्ति करीब 53 लाख रुपये की है। कुर्क की गई संपत्ति में मकान व अन्य समान शामिल हैं। एसपी ने बताया कि गोकशी, गैंगस्टर अन्य कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।