अमरोहा। जिले के सभी विद्यालयों में विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत की पहल को बढ़ावा देना है। बिल्डथॉन कार्यक्रम में देशभर के विद्यार्थी टीमों के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। इसके तहत विद्यार्थियों को अपने विचार, फोटो और वीडियो 31 अक्तूबर तक पोर्टल पर अपलोड करने का समय दिया गया है।
डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार की ओर से विकसित भारत बिल्डथाॅन कार्यक्रम लॉन्च किया गया है। बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत पांच से सात विद्यार्थियों के दल का शिक्षक के नेतृत्व में vbb.mic.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया है जहां शिक्षक की मेंटरशिप में विद्यार्थियों का दल मुख्य विषय आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल, समृद्ध भारत की थीम पर अपने विचारों का राइट अप व दो मिनट की वीडियो अपलोड करनी है।
थीम पर आधारित इनोवेटिव आइडिया के प्रोजेक्ट बनाकर यूट्यूब के माध्यम से अपलोड करने होंगे जिससे सभी की एक अभियान के रूप में विकसित भारत में विचारों की सहभागिता हो सके। विजेता टीमों को सरकार की ओर से पुरस्कार की धनराशि भी तय की गई है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों को इसमें अपने-अपने विचार अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।