पैगाम-ए-नौरोज कान्फ्रेंस में रविवार को राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के अध्यक्ष और आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने आज के हालात पर बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि एक बार वह एक बड़े मुस्लिम कार्यक्रम में गए थे।
वहां पर बैठे मुस्लिम विद्वानों से यह पूछा कि यहां रहने वाले को पाकिस्तान जिंदाबाद बोलना चाहिए, जिंदाबाद बोलने वाला ईमान वाला है या नहीं। इस पर मुस्लिम विद्वानों ने कहा था कि हर मुसलमान को अपनी मादरे वतन जान से भी प्यारी है। इसके खिलाफ वह कुछ नहीं सुन सकता।
हिंदुस्तान में रहने वाले को पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे नहीं लगाने चाहिए। ऐसा करता है तो वह बेईमान और गद्दार है। कार्यक्रम में ऋषिकेश के धर्मगुरु डा. रामेश्वर दयाल विष्णु पंथी, शिया इमाम डा. शियादत नकवी, मौलाना डा.हसन अख्तर, मौलाना मोहम्मद हुसैन हुसैनी, मौलाना रियाजुद्दीन मणिपुर, मुफ्ति हबीबुर्रहमान, मौलाना कुरातुलेन मुज्तबा, मिर्जा नादिर दिल्ली शाही जामा मस्जिद आदि ने विचार रखे।
इस मौके पर कार्यक्रम आयोजक मौलाना कौकब मुजतबा, अली हादी, शाह रजा शाही, अतुल जैन, मेंबर नकी, मेंबर जिया अब्बास, कुमैल अब्बास, अहसान, जफर अब्बास, मुत्तकी, अली हैदर आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अध्यक्षता मौलाना इकबाल हैदर ने तथा संचालन गौहर नकवी ने किया।