गजरौला (अमरोहा)। कासगंज से चंडीगढ़ जाने वाली प्राइवेट बस में पीछे से आ रही इसी रूट पर चलने वाली दूसरी ट्रैवल्स कंपनी की बस ने साइड मार दी। इस पर दोनों के चालकों के बीच जमकर गालीगलौज हुई। एक बस के चालक ने दूसरे बस के स्टाफ पर उसका अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दूसरी बस को सीज कर दिया है। वहीं पुलिस अपहरण के आरोप को निराधार बताते हुए इसे सामान्य झगड़ा करार दिया है।
शुक्रवार की देर शाम यह घटना चौपला पुलिस चौकी के पास हसनपुर रोड पर हुई। यहां कासगंज से चंडीगढ़ जा रही प्राइवेट बस एक मिठाई की दुकान के बाहर खड़ी हुई थी। बस के चालक जाहिद निवासी मोहल्ला लक्ष्मी नगर के मुताबिक इसी बीच पीछे से आई दूसरी ट्रैवल्स कंपनी की बस के चालक ने खड़ी बस में साइड मार दी। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। जाहिद का आरोप है कि दूसरी बस के स्टाफ ने उसका अपहरण कर लिया और बस में डालकर दिल्ली की दिशा में ले गए। ब्रजघाट से पूर्व बस की स्पीड कम होने पर वह कूदकर भाग निकला और पुलिस को जानकारी दी। वहीं उसकी बस में मौजूद क्लीनर यूसुफ बस को लेकर चौपला चौकी पर आ गया। उधर चौपला चौकी इंचार्ज संत कुमार ने पीछा कर दिल्ली की दिशा में जा रही प्राइवेट बस को ब्रजघाट के पास पकड़ लिया और सीज कर वहीं खड़ी करा दी। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि साइड लगने के बाद बस चालकों में विवाद हुआ था। अपहरण का आरोप निराधार है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।