मंडी धनौरा (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित कर प्रथमा बैंक के कैशियर पर अपनी नाबालिग बेटी से अश्लील बातें करने का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि कैशियर ने गलत नीयत से बेटी का फोन नंबर मांगा। मना करने पर अपना नंबर बैंक की पासबुक पर लिख कर दिया। ग्रामीण ने जिलाधिकारी से कैशियर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण ने जिलाधिकारी को प्रेषित शिकायतीपत्र में कहा है कि उसकी 14 साल की बेटी अपने खाते से रुपये निकालने के लिए बैंक गई थी। कैशियर दीपक शर्मा ने बेटी से उसका मोबाइल नंबर मांगा। बेटी ने नंबर देने से इंकार किया तो उसने अश्लील बातें की। ग्रामीण का आरोप है कि नंबर देने से मना करने पर कैशियर ने बेटी की बैंक की पासबुक पर अपना नंबर लिखकर दिया और अकेले में बात करने को कहा। ग्रामीण ने शिकायतीपत्र में कहा है कि बेटी ने घर आकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। शाखा प्रबंधक से इसकी शिकायत की गई लेकिन उन्होंने कोई सुनवाई नहीं की। ग्रामीण ने जिलाधिकारी से जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। वही इस संबंध में कैशियर से संपर्क नहीं हो पाया है।