दो टीमों के बीच आयोजित हुई 51 मैचों की फ्रेंडली सीरीज में प्रमोद क्लब ने दानिश क्लब को तीन विकेट से हराकर फाइनल ट्राफी पर कब्जा कर लिया। आयोजकों द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
जुलाई माह में दानिश क्लब और प्रमोद क्लब सी टीमों के बीच 51 मैचों की फ्रेंडली सीरीज शुरू हुई थी। दोनों टीमों के बीच मैचों का आयोजन पुलिस लाइन के मैदान में हो रहा था। इस सीरीज में प्रमोद क्लब लगातार बढ़त बनाए हुए थी। बृहस्पतिवार की सुबह डीएनएस एकेडमी के मैदान में दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। प्रमोद क्लब ने टॉस जीतकर दानिश क्लब को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान दानिश क्लब की टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 120 रन बनाए।
लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी प्रमोद क्लब की टीम ने 15.5 ओवरों में 3 विकेट से मैच जीत लिया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। आखिरी ओवर की दो गेंदों पर लगातार दो छक्के मारकर सानू ने टीम को जीत दिलाई। दोनों टीमों के कप्तान दानिश और प्रमोद कुमार ने बताया कि फ्रेंडली मैचों का आयोजन शारीरिक स्वास्थ्य के लिए किया गया। सुबह में खेलने कूदने से शरीर स्वस्थ रहता है।