आईएमटी में नौ दिन पहले हुई मुठभेड़ में घायल गैंगस्टर राहुल उर्फ बाबा व उसके साथी आयुष उर्फ छोटा को पीजीआई से छुट्टी मिल गई है। छुट्टी के बाद आईएमटी थाना पुलिस ने आरोपियों को मुठभेड़ केस में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस शनिवार को अदालत में पेश कर आरोपियों को रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। मुठभेड़ में घायल यूपी के इनामी बदमाश दीपक उर्फ फुर्तीला की मौत हो गई थी।
पुलिस रिकाॅर्ड के मुताबिक, 19 सितंबर को सोनीपत रोड स्थित बलियाना मोड़ पर स्थित शराब ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग करके तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। गोली लगने से जेल में बंद सुमित पलोटरा के भाई की भी मौत हो गई थी। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर राहुल उर्फ बाबा के नाम से पोस्ट डालकर तिहरे हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई। तभी से पुलिस राहुल उर्फ बाबा व उसके साथियों की तलाश में थी।
3 दिसंबर की रात को सीआईए द्वितीय की आईएमटी में राहुल उर्फ बाबा, दीपक उर्फ फुर्तीला व आयुष उर्फ छोटा के साथ मुठभेड़ हो गई। इसमें यूपी के बागपत निवासी दीपक फुर्तीला के पैर में गोली लगने के बाद खून ज्यादा बहने से मौत हो गई थी। मुठभेड़ में दोनों बदमाश राहुल बाबा और आयुष छोटा भी घायल हुए थे। उनका इलाज पीजीआईएमएस में चल रहा था। दोनों की तबीयत में सुधार होने के बाद उनको वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। डॉक्टरों की अनुमति से शुक्रवार को आईएमटी थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आईएमटी पुलिस ने डॉक्टरों की अनुमति के बाद आरोपी राहुल उर्फ बाबा व आयुष उर्फ छोटा को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ केस में आईएमटी थाना पुलिस शनिवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। इसके बाद सीआईए द्वितीय तिहरे हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी।
- सतीश कादियान, प्रभारी सीआईए द्वितीय।