नगर पंचायत क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों ने ईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सफाई कर्मचारियों ने ईओ पर अभद्रता और जाति सूचक शब्द कहकर अपमानित करने का आरोप लगते हुए प्रदर्शन किया। एसपी और डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर ईओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को जोया नगर पंचायत से जुड़े तमाम सफाई कर्मचारी एकत्र होकर अधिशासी अधिकारी नमिता चौधरी से मिले। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने तीन माह के वेतन की मांग की। कहा कि वेतन नहीं मिलने के कारण सफाई कर्मचारियों के परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है। उधारी नहीं चूका पाने के कारण दुकानदारों ने राशन भी देना बंद कर दिया।
आरोप है कि वेतन की मांग करने पर ईओ नमिता चौधरी भड़क गई और सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया और कार्यालय से भगा दिया। साथ ही नौकरी छीनने की धमकी दी। ईओ की कार्यशैली से नाराज सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
इसके बाद तमाम कर्मचारी एकत्र होकर पुलिस ऑफिस पहुंचे। यहां भी उन्होंने ईओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसपी कार्यालय में शिकायत पत्र देकर ईओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। बाद में कर्मचारी कलक्ट्रेट पहुंचे यहां भी डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र देकर ईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान पुरुषोत्तम शरण सचिव उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ, देशराज मदान जिला अध्यक्ष सफाई कर्मचारी संघ के अलावा संजय, अमर सिंह, राजवीर, विजय, सोनू, अजय, राजीव, वीरू, तेजा, राम भरोसे, ओम प्रकाश, रामपाल, अनिल, अजीत, ववीता आदि लोग मौजूद रहे।