अमरोहा/ जोया। हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने से बीती रात करीब 45 गांवों की नौ घंटे आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आए दिन बिजली की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। शहर से लेकर गांवों तक बिजली की समस्या है। गांवों में तो चार से पांच घंटे की कटौती की जा रही है।
जोया क्षेत्र के अजीज नगर की मंढियों बिजलीघर से जुड़े करीब 45 गांवों में बारिश के दौरान हाइटेंशन लाइन में खराबी आने से बीती रात बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार रात करीब 12:35 बजे मौसम खराब होने के कारण लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में करीब नौ घंटे तक अंधेरा छाया रहा।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही बिजलीघर के कर्मचारी पेट्रोलिंग में जुट गए। कर्मचारियों ने बारिश के बीच लाइन में आई खराबी को तलाशकर उसे दुरुस्त करने का प्रयास किया। रातभर बिजली न आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बरसात के मौसम में उमस बढ़ने के कारण लोगों को इंवर्टर का सहारा लेना पड़ा, लेकिन लंबे समय तक बिजली न आने से इंवर्टर भी जवाब दे गए।
बिजली निगम के कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार की सुबह करीब 9:35 बजे लाइन की खराबी को दूर कर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। शहरी क्षेत्र में भी बिजली की बार-बार की ट्रिपिंग से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
डिडौली में पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही। कैलसा क्षेत्र में भी रात में रोस्टिंग से लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि बारिश के चलते पेड़ की टहनियां लाइन पर गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। जिसे बाद में ठीक कर सुचारु कर दिया गया।