अमरोहा। बरसात के मौसम में बिजली की समस्या से लोगों को परेशानी हो रही है। शनिवार को लाइन में फाल्ट आने से शहर से गांव तक करीब 15 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों के इंवर्टर जवाब दे गए और पानी के टैंक खाली हो गए।
सिबौरा बिजलीघर से जुड़े डिडौली, सिबौरा, सिवौरा, रसूलपुर गुर्जर, नीली खेड़ी, ढकिया चमन, मिलक, कटाई, जग्गा नंगला, जोगीपुरा और ढेला नंगला में नौ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। जोया में जोया और धनौरा मुरादनगर में पांच से छह घंटे कटौती रही। वहीं, कलक्ट्रेट बिजलीघर की लाइन में फाल्ट से करीब छह घंटे आपूर्ति बाधित रही।
लोगों का कहना है कि कभी गर्मी तो कभी बरसात में बिजली की समस्या बनी रहती है। आए दिन कटौती से परेशानी बढ़ रही है। अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि लाइन ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
पेड़ों की कटाई-छंटाई के चलते आज तीन घंटे बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति
अमरोहा। विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई के कार्य के चलते रविवार को जिला अस्पताल, ऑफिसर कॉलोनी, कचहरी समेत कलक्ट्रेट बिजलीघर से संबंधित क्षेत्रों की सुबह आठ बजे से 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता दुष्यंत कुमार के मुताबिक निर्धारित समय में शटडाउन लेकर पेड़ों की शाखाओं की छंटाई की जाएगी, ताकि विद्युत लाइनों में फॉल्ट और आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम किया जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कटौती अवधि से पहले आवश्यक कार्य निपटा लें।