अमरोहा/ नौगावां सादात /कैलसा। शहर के गांव पंजूसराय में हाईटेंशन लाइन के झूल रहे तारों को सही करने और खराब विद्युत खंभा बदले जाने के दौरान शाम चार बजे से सात बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहरी क्षेत्र में भी बार-बार की ट्रिपिंग से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बुधवार की शाम विद्युत निगम द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर शटडाउन लेकर मरम्मत कार्य कराया गया। जिससे करीब तीन घंटे आपूर्ति बंद रही,लेकिन इसके बाद सप्लाई को बहाल कर दिया गया। इससे करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई अभिषेक कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को पहले ही मरम्मत कार्यों की जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि खंभों के बीच अधिक दूरी होने के चलते हाईटेंशन लाइन के तार झूल रहे थे। जिसके कारण नया खंभा लगाकर तारों को सही कर दिया गया है। शाम सात बजे से पूरी तरह से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। कैलसा ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। रात के समय रोस्टिंग के नाम पर बिजली कटौती की जा रही है, जबकि दिन में भी बार-बार बिजली गुल होने से ग्रामीण परेशान है। जलीलपुर वक्काल बिजलीघर से जुड़े दर्जनों गांव के ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार रात में 7:20 से 9:20 दो घंटे की रोस्टिंग हुई। जिससे उमस और गर्मी में सोना मुश्किल हो रहा है। वहीं दोपहर में भी कई घंटे बिजली कटौती के चलते जरूरी काम भी प्रभावित हो रहें है
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। कभी रोस्टिंग तो कभी फाल्ट के नाम पर बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। अधिशासी अभियंता राहुल निगम ने बताया कि खंभा बदलने की वजह से आपूर्ति बंद की गई। मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद सप्लाई को सुचारु कर दिया गया। कभी-कभी ओवरलोड की वजह से रोस्टिंग करनी पड़ जाती है।