हसनपुर के पूठ घाट पर स्नान करते श्रद्घालु।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर क्षेत्र के पूठ घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गरीब निराश्रितों को अंग वस्त्र एवं धन दान कर पुण्य कमाया। मेले का श्रद्धालुओं ने जमकर लुत्फ उठाया। मेले में श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया। एसडीएम व इंस्पेक्टर ने नाव में बैठकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जायजा लिया।
मंगलवार सुबह चार बजे से ही पूठघाट पर गंगा में स्नान शुरू हो गया। छह बजते-बजते गंगा घाट पूरी तरह से श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया। बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने खिचड़ी का आनंद भी लिया। स्नान का सिलसिला देरशाम तक चलता रहा। एसडीएम उद्भव त्रिपाठी व इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने नाव में बैठकर मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। लाउडस्पीकर से दिनभर ऐलान किया जाता रहा कि कोई भी श्रद्धालु गंगा में की गई बैरीकेडिंग के आगे कोई भी स्नान करने ना जाए। मेले में जाटव सभा की ओर से शिविर लगाया गया। यहां कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर महेंद्र सिंह आर्य, रामवीर सिंह, जगवीर मौर्य, अतर सिंह, मुखिया जाटव, नवल कुमार, हरिश्चंद्र, नवाब सैफी रहे। उधर, खडगवंशी खागी समाज कल्याण समिति की ओर से शिविर में रागिनी कार्यक्रम पेश किया गया। यहां अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राणा, केपी सिंह रहे। उधर, आयोजित भंडारे में मुख्य रूप से महेश प्रजापति, भाजपा जिलामंत्री योगेंद्र प्रजापति, कुंवरपाल गुर्जर, विजय शर्मा, चंदन प्रजापति रहे।