गजरौला (अमरोहा)। मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने ब्रजघाट और तिगरी में गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। घने कोहरे के कारण सुबह के समय श्रद्धालुओं की संख्या में कमी रही लेकिन मौसम खुलने और धूप निकलने के बाद इनकी संख्या बढ़ गई। बृहस्पतिवार को सवेरे से ही ब्रजघाट और तिगरी में मार्ग शीर्ष पूर्णिमा का स्नान आरंभ हो गया था। हिंदु धर्म में मार्गशीर्ष पूर्णिमा का विशेष महत्व है। बताते हैं कि अन्य पूर्णिमा की अपेक्षा इस पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने और दान-पुण्य करने से 32 गुना अधिक लाभ मिलता है। यही वजह है कि तड़के से ही स्नान का सिलसिला आरंभ हो गया था। सुबह के समय घने कोहरे की वजह से गंगा तटों पर भीड़ नहीं नजर आई लेकिन बाद में मौसम खुलने और धूप निकलने पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई थी। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी तैनात रही। गंगाधाम तिगरी में एंटी रोमियो स्क्वायड प्रभारी एसआई सरिता कश्यप अपनी टीम के संग तड़के से ही मुस्तैद रहीं