अमरोहा के रेलवे स्टेशन पर खड़ी गरीब रथ, जन साधारण, सियालदाह एक्स्ाप्रेस और मालगाड़ी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
दिल्ली की ओर जा रही पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन का मंगलवार को काफूरपुर में प्रेशर पाइप फट गया। पहिये जाम होने से ट्रेन ट्रैक पर खड़ी हो गई। इससे जन साधारण एक्सप्रेस, गरीब रथ और सियालदाह एक्सप्रेस घंटों अमरोहा स्टेशन पर खड़ी रहीं।
गर्मी से परेशान मुसाफिर ट्रेनों से उतर कर नीचे खड़े हो गए। एक दूसरे से यह पूछने में लगे रहे कि ट्रेनों को क्यों रोका गया है। कुछ यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा भी किया। आरपीएफ और जीआरपी ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति संभाली। पौने चार घंटे बाद पोरबंदर एक्सप्रेस पाइप बदल कर रवाना की गई।
मंगलवार की सुबह पोरबंदर एक्सप्रेस मोतिहारी से पोरबंदर जा रही थी। 10.40 बजे वो अमरोहा स्टेशन से निकलकर काफूरपुर स्टेशन के निकट पहुंची थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन का प्रेशर पाइप फट गया। पहिये जाम होने से चालक ने पोरबंदर एक्सप्रेस को स्टेशन पर खड़ा कर दिया। ट्रेन के प्रेशर पाइप फट जाने की सूचना स्टेशन अधीक्षक के साथ ही उच्च अधिकारियों को दी गई।
काफूरपुर में पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन का पाइप फट जाने की सूचना से अफसरों में हड़कंप मच गया। सभी ट्रेनों को जहां-तहां खड़ा कर दिया गया। रेलवे के इंजीनियर पाइप बदलने में लग गए। घंटों की मशक्कत के बाद भी पाइप सही करने में सफलता नहीं मिली। दूसरा पाइप मंगाकर लगाया गया। ट्रेन को 2.20 बजे काफूरपुर रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। जिसके बाद अफसरों ने राहत की सांस ली। गर्मी से बेहाल मुसाफिरों की जान में भी जान आई।
मोतिहारी से पोरबंदर जा रही पोरबंदर एक्सप्रेस ट्रेन का सुबह 10.40 बजे काफूरपुर रेलवे स्टेशन के निकट पाइप फट गया। इसके चलते जन साधारण एक्सप्रेस, गरीब रथ और सियालदाह एक्सप्रेस ट्रेन को स्टेशन पर खड़ा किया गया था। 2.20 बजे पाइप सही हो जाने पर ट्रेन काफूरपुर से रवाना हुई।
-सरदार सिंह, स्टेशन अधीक्षक अमरोहा।