अमरोहा। दीपावली पर जिलेभर में डेढ़ करोड़ की आतिशबाजी हुई। पटाखों से निकले धुएं से फिजा में जहर घुल गया। प्रतिबंध के बाद भी तेज आवाज के पटाखों की खूब बिक्री हुई और छोड़े गए। अमरोहा की फिजा में कितना जहर घुला बिजनौर में स्थित प्रदूषण नियंत्रण विभाग को इसकी जानकारी नहीं है। दिवाली के चौबीस घंटे बाद भी कोई मानीटरिंग नहीं की गई है।
प्रशासन की पाबंदी के बाद भी जिलेभर में तेज ध्वनि के पटाखों की बिक्री हुई और उन्हें छोड़ा भी गया। पटाखों के तेज धमाके की ध्वनि और प्रदूषण से शहरवासी पूरी रात परेशान रहे। सांस और दिल के मरीजों को तो बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन के दिशा-निर्देशों लोगों पर बेअसर दिखे। वहीं, प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड या जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।