गजरौला (अमरोहा)। सप्ताह पूर्व हादसे में घायल हुए दिल्ली निवासी अंकित शर्मा के परिजनों को हेड कांस्टेबल मनोज कुमार ने 25 हजार रुपये लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया। घायल के परिजन पुलिसकर्मी की ईमानदारी की सराहना करते हुए चले गए।
दिल्ली निवासी अंकित शर्मा किसी फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन का काम करते हैं। वह एक अगस्त को गजरौला में रुपये एकत्र कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। ख्यालीपुर ढाल के निकट उनको अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हाईवे मोबाइल की जिप्सी पर तैनात मुख्य आरक्षी मनोज कुमार हादसे के बाद मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। घायल के पर्स को अपने पास रख लिया। कागजातों से घायल के परिजनों को सूचना दी। वह मेरठ में उपचार कराते रहे। सोमवार को अंकित शर्मा के पिता विजय शर्मा और बहनोई गजरौला पहुंचे। उन्होंने घायल की जेब में 25 हजार रुपये रखे होने की बात कही। जिस पर पुलिसकर्मी ने कहा कि उनको जो पैसे मिले थे, ऐसे ही रख लिए। उनकी गिनती नहीं की। विजय शर्मा ने रुपये हाथ में लेकर गिने तो वह 25 हजार रुपये निकले। जिनको लेकर वह मनोज कुमार की ईमानदारी की सराहना करते हुए चले गए।