खजुरिया, बिलासपुर (रामपुर)। खजुरिया थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान एक किसान के निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक भर भराकर गिर गई। दीवार की बीम के नीचे दबकर कक्षा छह की छात्रा पिंकी 16 की मृत्यु हो गई। एसडीएम व सीओ ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के ही छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया है।
घटना खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत इटंगा बैरमनगर के गांव उलैतापुर की है। गांव उलैतापुर निवासी किसान भीमसेन अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। मकान स्वामी के अनुसार रविवार की शाम वह लोग परिवार समेत कहीं दावत में गए हुए थे। घर पर उनकी 16 वर्षीय पुत्री पिंकी अकेली थी। शाम करीब साढ़े सात बजे निर्माणाधीन मकान की बाहर की दीवार अचानक भरभरा कर उनके घर के अंदर की ओर गिर गई। इस दौरान दीवार के बीम के नीचे उनकी पुत्री पिंकी 16, जो बेगमाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ती थी दीवार के नीचे पिंकी दब गई। इस दौरान दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा को हटाना शुरू कर दिया और पिंकी को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाला। सूचना पाकर परिजन भी अपने घर पहुंच गए। इसके बाद परिजन गंभीर घायल पिंकी को रात में ही रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां देर रात पिंकी की रुद्रपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पाकर खजुरिया थाना प्रभारी राजीव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी की सूचना पर उप जिलाधिकारी अमन देओल, पुलिस क्षेत्राधिकार रवि खोखर भी गांव पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बारिश के दौरान निर्माणाधीन दीवार गिर गई। जिसमें दबकर छात्रा घायल हो गई थी, जिसकी रुद्रपुर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। छात्रा की मृत्यु की सूचना पाकर सोमवार की सुबह एसडीएम और सीओ फिर गांव पहुंचे और उन्होंने मृतक का छात्र के परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने बताया कि उन्होंने बिना पोस्टमार्टम के ही छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया है। वह कोई कार्रवाई नहीं कराना चाहते। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। मृतका दो भाई, दो बहनों में सबसे छोटी थी, जो सीमांत गांव बेगमाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ रही थी।