जोया (अमरोहा)। स्कूटी में पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने जा रही छात्रा ने सिपाही पर रोककर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
विवाद बढ़ता देखकर सिपाही ने हाथ जोड़कर माफी मांगी, तब छात्रा के परिजन शांत हुए। हंगाम के दौरान अमरोहा-जोया रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में किसान का परिवार रहता है। उनकी बेटी जोया कस्बे में ट्यूशन पढ़ने आई थी। इस दौरान स्कूटी में तेल डलवाने जाते समय चौराहे पर तैनात सिपाही ने गलत दिशा से जाने पर छात्रा को रोक लिया। बस इसी बात को लेकर छात्रा और सिपाही के बीच कुछ कहासुनी हो गई।
छात्रा का आरोप है कि सिपाही ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बाद में घर पहुंची छात्रा ने अपने परिजनों को आप बीती बताई।
इसके बाद छात्रा के परिजन उसे लेकर चौराहे पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। छात्रा और उसके परिजनों की सिपाही से जमकर नोकझोंक हुई। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। चर्चा है कि इस दौरान सिपाही के हाथ जोड़कर माफी मांगने पर विवाद शांत हो गया और छात्र के परिजन भी वापस लौट गए। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने मामले की जानकारी से इनकार किया है। संवाद