लोगों का भरोसा जीतने के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस
मंडी धनौरा (अमरोहा)। डेढ़ माह में व्यापारियों के साथ हुई डकैती व लूट की दो घटनाओं से पुलिस के प्रति लोगों में भरोसा कम हुआ है। हालांकि पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही पुलिसकर्मियों को निलंबित कर व्यापारियों को संदेश दिया है। कारोबारियों का भरोसा जीतने के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस रोजाना सड़कों पर गश्त कर रही है। 21 अक्तूबर को मोबिल कारोबारी अशोक अग्रवाल के यहां डकैती व 13 दिसंबर को खाद व्यापारी के साथ लूट की वारदात से व्यापारियों में भय व्याप्त हो गया था। दोनों ही घटनाओं में नगर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई कर व्यापारियों को संदेश दिया था कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मोबिल कारोबारी के यहां हुई डकैती की वारदात में शामिल बदमाशों को पुलिस जेल भेज चुकी है और माल भी बरामद हो गया है। खाद व्यापारी के साथ लूट की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस दिन रात हाथ पांव मार रही है। रविवार को भी सीओ अरुण कुमार के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक ने मय फोर्स के नगर में गश्त की और कारोबारियों से वार्ता कर उनको सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सीओ का कहना था कि लोगों को सुरक्षा का अहसास कराना पुलिस की जिम्मेदारी है।