अमरोहा। जिले में आठ जून से तीन तक आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में 28224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान नकल और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए खाली कमरों को सील किया जाएगा, जबकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात और निगरानी संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के जिले में पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में भी विशेष बदलाव किए गए हैं। संकरी गलियों और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए शहर के भीतर भारी वाहनों और निजी कारों की आवाजाही पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। ऐसे वाहनों को बाईपास मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
एएसपी अखिलेश भदोरिया ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। परीक्षा अवधि के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बैरियर लगाकर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्र में पेपर पहुंचेंगे।
प्रत्येक पाली में 4704 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में 4,704 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद, रामपुर और संभल समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों के अमरोहा पहुंचने की संभावना है। परीक्षा के लिए जिले में 10 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी, भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया तथा सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर शामिल हैं। प्रशासन ने सभी केंद्रों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूट प्लान और मानचित्र भी तैयार किए हैं।
-
इन वस्तुओं के ले जाने पर प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों पर कई वस्तुओं को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी अपने साथ पेपर, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, पर्स, कैप, चश्मा, ज्वेलरी तथा किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, पेन ड्राइव, कैमरा, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड, चाबी सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र साथ रखने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ये रहेगा ट्रैफिक प्लान
अमरोहा से मुरादाबाद जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स कैलसा बाईपास और पाकबड़ा होकर जाएंगे।
नौगावां से अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले वाहन यहियापुर बाईपास से होकर गुजरेंगे।
नौगावां से दिल्ली जाने वाले वाहन रज्जाकपुर बाईपास, धनौरा बाईपास और अतरासी चौकी हाईवे मार्ग का उपयोग करेंगे।
अतरासी चौकी हाईवे से अमरोहा आने वाले वाहन आरटीओ, कल्याणपुरा रोड, बंबूगढ़, काकरसराय और काठ रोड होकर प्रवेश करेंगे।
शहर से जोया, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले वाहन काकर सराय व बंबूगढ़ होकर हाईवे पर पहुंचेंगे।
शहर से नौगावां जाने वाले वाहन नंदन स्वीट्स, माया धर्मकांटा और काठ रोड मार्ग से जाएंगे। जोया से अमरोहा आने वाले वाहन बंबूगढ़, काकर सराय और माया धर्मकांटा मार्ग से प्रवेश करेंगे।
कोई भी ई-रिक्शा और ऑटो नंदन स्वीट्स से गांधी मूर्ति मार्ग पर नहीं चलेगा।
सभी ई-रिक्शा और ऑटो कैलसा बाईपास व काठ रोड होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
बंबूगढ़ से 77 रीगल होटल तक सभी भारी, मालवाहक वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रतिबंधित रहेंगे।
-
परीक्षार्थियों के लिए यह रहेगी पार्किंग व्यवस्था
जीआईसी परीक्षा केंद्र के परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग टीपी नगर पुल के नीचे दोनों ओर होगी।
कुंदन इंटर कॉलेज के परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग विद्यालय परिसर में की जाएगी। जीआईसी कॉलेज के परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग रेलवे मालगोदाम के खाली मैदान में होगी।
आईएम इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू डिग्री कॉलेज और जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के वाहनों की पार्किंग रामलीला मैदान में रहेगी।