अमरोहा। पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस व प्रशासन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। परीक्षा जिले के नौ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित कराई जाएगी। पांच दिन चलने वाली इस परीक्षा के लिए बैठक में सभी को स्पष्ट दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। परीक्षा में पुलिस सुरक्षा की जिम्मेदारी एएसपी राजीव कुमार सिंह तो ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव को सौंपी गई है।
पुलिस भर्ती परीक्षा 23 से 25 और 30 व 31 अगस्त तक पांच दिन आयोजित होगी। दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में नौ केंद्र बनाए गए हैं। एक पाली में सभी केंद्रों पर 4272 जबकि परीक्षा अवधि में 42720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल रहेंगे। परीक्षा के सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहेगी। परीक्षा के आयोजन को लेकर डीएम राजेश कुमार त्यागी व एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक भी ली। जिसमें सभी को परीक्षा से संबंधित निर्देशों को बताया गया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे तो होंगे ही, साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रश्नपत्रों के लिए कलक्ट्रेट में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। कड़ी सुरक्षा निगरानी में प्रश्नपत्र केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे तथा उत्तर पुस्तिकाएं भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सील कराई जाएंगी। परीक्षा के दिन सौ मीटर के दायरे में फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।
डीएम ने एआरएम रोडवेज को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बसों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए पहले से ही तैयारी कर लें। परीक्षा के दिनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो, साथ ही खाने-पीने की चीजों पर ओवर रेट न लिए जाएं। खाद्य विभाग इसको लेकर सतर्क रहे। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि परीक्षा के दिनों में संवेदनशील जगहों पर पुलिस फोर्स की तैनाती भी रहेगी। कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जेएस हिंदू इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर व जेएस हिंदू महाविद्यालय के ब्लॉक ए व बी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।