अमरोहा। तिगरी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू हो गया है। इसके लिए हाईवे पर जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। बृहस्पतिवार को हाईवे पर ट्रक, कंटेनर, डीसीएम समेत भारी व माल वाहक वाहनों की भीड़ कम रही। इसके चलते रोडवेज व अन्य निजी बसों समेत हल्के वाहनों हाईवे से निकाला गया। हाईवे पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ते ही रोडवेज बसों, निजी बस व सभी छोटे-बड़े वाहनों को डायवर्ट कर दिया जाएगा।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन प्लान बृहस्पतिवार को लागू कर दिया गया है। वाहनों को डाइवर्ट करने के लिए पाकबड़ा बॉर्डर, ब्रजघाट बॉर्डर, अतरासी चौराहा, गजरौला चौपड़ा चौराहा, जीरो पॉइंट गजरौला समेत सभी तिहारे चौराहा पर पुलिस लगा दी गई है लेकिन बृहस्पतिवार को ट्रक, कंटेनर, डीसीएम या अन्य भारी वाहनों की भीड़ कम रही। जिसके चलते निजी व रोडवेज बस समेत सभी छोटे वाहनों को निकल गया। जैसे-जैसे कार्तिक पूर्णिमा नजदीक आ रही है वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ तिगरी धाम में बढ़ती जा रही है। लगातार श्रद्धालु अपने ट्रैक्टर ट्राली, कार, पिकअप व अन्य साधनों से मेल पहुंच रहे हैं। रोडवेज बस भी श्रद्धालुओं को तिगरी मेला लेकर जा रही है। भीड़ के बढ़ते ही हाईवे पर सभी भारी व मालवाहक वाहनों को डाइवर्ट कर दिया जाएगा। साथ ही 25 नवंबर की शाम 6 बजे से 28 नवंबर की शाम 6 बजे तक हाईवे पर कार, बस, पिकअप सहित सभी छोटे व हल्के वाहनों को भी डायवर्ट कर दिया जाएगा। जरूरत के हिसाब से हाईवे से केवल एम्बुलेंस या आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहन निकाल सकेंगे।